कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। आशिर्वाद प्वाइंट टीपी नगर कोरबा में बजट 2026-27 को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने राज्य सरकार के तीसरे बजट की थीम संकल्प को प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कृषि, शिक्षा और रोजगार सृजन पर केंद्रित है। यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ विजन के अनुरूप तैयार किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में यह बजट प्रदेश को नई विकास दिशा देगा। मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज आर्थिक मजबूती और सामाजिक सशक्तिकरण का रोडमैप है।
पत्रकार वार्ता में संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, सह संभाग प्रभारी रायपुर डॉ. राजीव सिंह, संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा, अजय पांडेय, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, लक्की नंदा, जिला मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, शैलेंद्र यादव, नीरज ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
शिक्षा, उद्योग व स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
बजट में स्कूल शिक्षा के लिए सर्वाधिक 13.5 प्रतिशत प्रावधान किया गया है। सरकारी कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज की व्यवस्था लागू की जाएगी। 23 नए औद्योगिक पार्कों के लिए 250 करोड़ रुपए तथा मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान रखा गया है।
कृषि क्षेत्र को बड़ी सौगात
कृषि क्षेत्र के लिए 13,500 करोड़ रुपए का बजट निर्धारित किया गया है। भूमि विकास बैंक योजना हेतु 200 करोड़ रुपए का प्रावधान है। साथ ही 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान खरीदी की अंतर राशि आगे भी एकमुश्त देने की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का पहला बजट ज्ञान और दूसरा गति थीम पर आधारित था, जबकि इस बार संकल्प थीम के माध्यम से समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अंत्योदय, आजीविका तथा नीति से परिणाम तक के विषयों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

