राजस्व पखवाड़ा जनता को राहत देने का महत्वपूर्ण माध्यम : कलेक्टर दुदावत

      Date:

      • राजस्व संबंधी प्रकरणों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चत करने दिए निर्देश

          कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार जिले में राजस्व पखवाड़ा-2026 का व्यापक और सुनियोजित आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन अप्रैल (01 से 15 अप्रैल), मई (04 से 18 मई) और जून (01 से 15 जून) में जिले के सभी ग्रामों में संचालित होगा।

          कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राजस्व से संबंधित सभी प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह पखवाड़ा केवल शिविर आधारित कार्यक्रम नहीं है, बल्कि जनता को सीधे राहत देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अविवादित नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, वृक्ष कटाई, परिवर्तन, त्रुटि सुधार और अन्य पुराने प्रकरण किसी भी स्थिति में लंबित न रहें। शिविर के दौरान आवेदनों की तत्काल जांच, पंजीयन और कार्यवाही कर हितग्राही को तुरंत राहत दिलाई जाएगी। भू-स्वामियों के खातों में आधार संख्या, मोबाइल नंबर, किसान किताब और जेंडर जैसी आवश्यक प्रविष्टियों को भी शीघ्र पूरा कराने पर जोर दिया गया है, ताकि अभिलेख अद्यतन, सटीक और त्रुटिरहित बने रहें। इसके अलावा जनहानि, फसल-क्षति या पशु-हानि से संबंधित प्रकरणों को प्राथमिकता दी जाएगी।

          आय, जाति व निवास प्रमाण पत्रों की जांच के निर्देश

          कलेक्टर ने अभिलेख शुद्धता अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने और त्रुटिपूर्ण, संदेहास्पद, शून्य रकबा या अपूर्ण प्रविष्टियों वाले अभिलेखों के सुधार पर विशेष बल दिया। आय, जाति और निवास प्रमाण पत्रों के आवेदनों की जांच और प्रविष्टि शिविर स्थल पर लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

          ग्राम पंचायत में शिविरों का करें प्रचार- प्रसार

          प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कोटवारों के माध्यम से करने और प्रतिदिन की जानकारी निर्धारित प्रारूप में जिला कार्यालय को भेजने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। कलेक्टर दुदावत ने कहा कि राजस्व पखवाड़ा जनता के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर है, जिसका उद्देश्य तेज पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण राजस्व सेवाएँ उपलब्ध कराना है।

          निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने कलेक्टर दुदावत ने ली विभागों की समीक्षा बैठक

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related