बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में माल लदान और राजस्व अर्जन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने का दावा किया है। जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बताया कि इस अवधि में कुल 261.25 मिलियन टन माल का लदान किया गया, जिससे लगभग 32 हजार करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने बताया कि माल लदान में पिछले वर्ष की तुलना में 3.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो भारतीय रेल में सर्वाधिक मानी जा रही है। इस प्रदर्शन के साथ बिलासपुर जोन देशभर में माल लदान के मामले में दूसरे स्थान पर रहा। खासतौर पर कोयला परिवहन में जोन ने 199.50 मिलियन टन का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए पहला स्थान हासिल किया, जिससे देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिली है। यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में भी जोन ने प्रगति दर्ज की है। वित्तीय वर्ष के दौरान 18 प्रतिशत अधिक यात्री ट्रेनें संचालित की गईं, जिनके जरिए 8.3 करोड़ यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग सहित 50 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य जारी है। पहले चरण के 47 स्टेशनों में से 17 का काम पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई रेल लाइन का काम पूरा
इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास में भी जोन ने उल्लेखनीय काम किए हैं। इस दौरान 125 किलोमीटर नई रेल लाइन और मल्टी-ट्रैकिंग का कार्य पूरा किया गया। साथ ही 18 रोड ओवर ब्रिज और 27 रोड अंडर ब्रिज का निर्माण किया गया तथा 34 लेवल क्रॉसिंग को बंद कर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया।
आधुनिक तकनीक का उपयोग
महाप्रबंधक ने बताया कि वर्ष 2025-26 में रेलवे सुरक्षा को लेकर आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग किया गया। इसमें वैगनों की निगरानी, लोको पायलट्स के प्रदर्शन की ट्रैकिंग और फायर सेफ्टी सिस्टम को मजबूत करना शामिल है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रेल हादसों में आई कमी
- रेल दुर्घटनाओं में 45 प्रतिशत कमी दर्ज।
- 11 स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग, 25 स्टेशनों पर EI मॉडिफिकेशन।
- ‘कवच’ प्रणाली के तहत 101 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव में स्थापना, ट्रैक साइड कार्यों में प्रगति।
- सभी कोचों में अग्नि-निरोधक प्रणाली, 212 कोचों में एरोसोल आधारित अग्निशमन प्रणाली।
- 58 स्टेशनों पर फायर अलार्म, 343 किमी सुरक्षा फेंसिंग।
नई रेल परियोजनाएं
- राव घाट से जगदलपुर नई रेल लाइन स्वीकृत, चार जिलों से होकर गुजरेगी, बस्तर का 40 किलोमीटर क्षेत्र शामिल।
- पिछले 10 वर्षों में 1,475 किमी लंबी 15 परियोजनाएं पूर्ण।
- 2,790 किमी की 41 परियोजनाएँ स्वीकृत और प्रगति पर।

