पटना (एजेंसी)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार को जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना स्थित जदयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने उन्हें सदस्यता दिलाई, जबकि वरिष्ठ नेता ललन सिंह ने उन्हें पार्टी का गमछा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कार्यक्रम में मौजूद नहीं थे।

पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने संजय झा और ललन सिंह के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगे तथा अपने पिता द्वारा पिछले 20 वर्षों में किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्यसभा को लेकर जो भी फैसला होगा, वह उनके पिता नीतीश कुमार का होगा। निशांत कुमार ने बिहार और देश की जनता से अपील करते हुए कहा कि वे उनके पिता पर अपना भरोसा बनाए रखें। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने पिता की शैली में हाथ जोड़कर कार्यकर्ताओं का अभिवादन भी किया। इस मौके पर वे सफेद कुर्ता और चप्पल पहनकर पहुंचे थे।
कार्यकर्ताओं की उमड़ी भीड़
जदयू कार्यालय में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखी गई। निशांत के पहुंचते ही समर्थकों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया और नीतीश कुमार व निशांत कुमार के समर्थन में नारे लगाए। कई कार्यकर्ता हाथी, घोड़ा और ऊंट लेकर भी पहुंचे थे। वहीं मोकामा से बाहुबली नेता अनंत सिंह के समर्थक भी कार्यक्रम में शामिल होने पटना पहुंचे।
बिहार की सियासत में ‘बड़ा खेला’: नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा, अमित शाह की मौजूदगी में भरा नामांकन

