TRE-4 परीक्षा में बदलाव और 100% डोमिसाइल की मांग को लेकर आंदोलन तेज, CM हाउस घेराव के दौरान पुलिस से झड़प
पटना (एजेंसी)। बिहार की राजधानी पटना में BPSC TRE-4 परीक्षा को लेकर छात्रों का आंदोलन मंगलवार को उग्र हो गया। गर्दनीबाग में पिछले कई दिनों से धरना दे रहे छात्रों का एक समूह मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने निकला। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। इसके बाद डाकबंगला चौराहे पर पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर किया।

प्रदर्शनकारियों की ओर से किए गए पथराव में टाउन डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। वहीं पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ छात्रों को भी चोटें आई हैं। एक छात्र के सिर में चोट लगी, जबकि एक छात्रा के बेहोश होने की बात सामने आई है।छात्रों के मार्च को देखते हुए जेपी गोलंबर पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। CRPF जवानों को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने छात्रों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगाई थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने इसे तोड़ दिया और डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ गए। डाकबंगला पहुंचने के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पहले CRPF जवानों के साथ छात्रों की धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन चलाया और फिर लाठीचार्ज किया।
पथराव में डीएसपी समेत कई जवान घायल
पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान छात्रों की ओर से पथराव किया गया। इसमें टाउन डीएसपी कामाख्या नारायण सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया। वाटर कैनन की बौछार के बीच प्रदर्शनकारी छात्र सड़क पर डटे रहे। कुछ छात्रों को पानी से बचने के लिए शैंपू लगाकर नहाते हुए भी देखा गया। प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बंकर गाड़ी भी बुलानी पड़ी।
इन मांगों को लेकर आंदोलन
छात्र BPSC TRE-4 परीक्षा में कई बदलाव की मांग कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में TRE-4 में PT और Mains की व्यवस्था, नेगेटिव मार्किंग हटाना तथा शिक्षकों की भर्ती में 100 प्रतिशत डोमिसाइल लागू करना शामिल है। ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के छात्र नेता अमन गुट की ओर से यह मार्च निकाला गया। अभ्यर्थी 18 अगस्त से पटना के गर्दनीबाग में धरने पर बैठे हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार ठोस निर्णय नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन को देखते हुए पटना के प्रमुख इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, फूंका प्रधानमंत्री का पुतला

