मानसून सत्र : विधानसभा में वेदांता हादसे पर गरमाई राजनीति, अविश्वास प्रस्ताव को लेकर भी तीखी नोकझोंक

      Date:

      • 25 मौतों के मामले पर विपक्ष का हंगामा और वॉकआउट, अजय चंद्राकर-चरणदास महंत के बीच तीखी जुबानी भिड़ंत

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सदन में सक्ती स्थित वेदांता प्लांट हादसे में 25 लोगों की मौत का मामला जोरदार ढंग से उठा। प्रश्नकाल के दौरान विपक्ष ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई और वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल की गिरफ्तारी को लेकर सरकार से तीखे सवाल किए। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन में जमकर हंगामा किया और बाद में वॉकआउट कर दिया।

          सत्र के दौरान अविश्वास प्रस्ताव को लेकर भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत पर टिप्पणी करते हुए कहा, “माननीय नेता जी, अविश्वास प्रस्ताव भी दे दिए हैं और प्रश्न भी पूछ रहे हैं।” इस पर महंत ने जवाब दिया, “अरे यार, आप हमेशा गड़बड़ करते हो… लगता है, दिनभर चढ़ी रहती है आपको। अविश्वास प्रस्ताव किस कारण ला रहे हैं, यह भी बताने दीजिए।” इस टिप्पणी के बाद कुछ देर के लिए सदन का माहौल गर्म हो गया।

          वेदांता हादसे पर सरकार से तीखे सवाल

          प्रश्नकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने पूछा कि क्या वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल से पूछताछ या उनकी गिरफ्तारी के लिए कोई कार्रवाई की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सरकार से सवाल किया कि क्या पुलिस अनिल अग्रवाल को गिरफ्तार करने गई थी और भविष्य में ऐसे मामलों में कंपनी के निदेशकों पर भी एफआईआर दर्ज करने की व्यवस्था होगी। इस पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जवाब देते हुए कहा कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हालांकि मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया।

          राज्य गठन के बाद 10वां अविश्वास प्रस्ताव

          छत्तीसगढ़ विधानसभा में राज्य गठन के बाद यह 10वां अविश्वास प्रस्ताव होगा। इससे पहले नौ बार विभिन्न सरकारों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए गए, लेकिन हर बार सरकारें सदन में बहुमत साबित करने में सफल रहीं। विधानसभा अध्यक्ष आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्ताव पर चर्चा की तिथि तय करेंगे।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              काम ऐसा करें कि पद नहीं, आपकी पहचान याद रखी जाए : कलेक्टर दुदावत

              विदाई समारोह में स्थानांतरित अधिकारियों को दी शुभकामनाएं,...