हादसे के बाद हाईवे पर फूटा लोगों का गुस्सा, मुआवजा और सुरक्षा इंतजाम की मांग
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के बांगो थाना क्षेत्र स्थित पोड़ी बस स्टैंड के पास बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन स्कूली बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में सगे भाई-बहन बूटी गोस्वामी (13) और दशरथ गोस्वामी (12) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, कोनकोना बस्ती के तीनों बच्चे स्कूटी से पोड़ी बस स्टैंड सामान खरीदने आए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों बच्चे सड़क पर दूर जा गिरे। दो बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीण और परिजन अंबिकापुर-कोरबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरने पर बैठ गए। मुआवजा और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
परिजनों को मिली तात्कालिक सहायता
घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने मृतक बच्चों के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर यातायात बहाल किया।
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने पोड़ी बस स्टैंड के पास स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक और नियमित पुलिस गश्त की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। मामले में अपराध दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
डेंगूनाला पुल के पास दर्दनाक हादसा : ट्रेलर ने बाइक को रौंदा, दो युवतियों की मौत, युवक गंभीर

