कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में वे ग्राम लेमरू पहुंचे और सड़क किनारे स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर अचानक रुके। कलेक्टर के अचानक आगमन से आंगनबाड़ी में मौजूद बच्चे और कार्यकर्ता कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए। बच्चों की झिझक को देखते हुए कलेक्टर ने मुस्कुराते हुए पूछा कि कौन ए, बी, सी, डी सुनाएगा। शुरू में कोई तैयार नहीं हुआ, लेकिन बाद में एक बच्चे ने हिम्मत दिखाई और पूरा पाठ सुनाया।

कलेक्टर ने बच्चे की इस कोशिश की सराहना करते हुए सभी से ताली बजवाई और बच्चों को टॉफी देकर प्रोत्साहित किया। इसके बाद बच्चों से रंगों के नाम पूछे गए और सही उत्तर देने वाले बच्चों को भी टॉफी दी गई। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों को दी जा रही शिक्षा, आदतें, अक्षर ज्ञान, रंग पहचान और खेलकूद गतिविधियों का जायजा लिया। पोषण आहार और ग्रोथ चार्ट की समीक्षा के साथ उन्होंने बच्चों का वजन भी कराया। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी समय पर खुले, बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और निर्धारित पोषण मीनू का पालन किया जाए। शिशु और गर्भवती महिलाओं के लिए पूरक आहार की व्यवस्था भी मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का किया निरीक्षण
साथ ही निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण भी किया गया। कलेक्टर ने आरईएस, जनपद सीईओ और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण गुणवत्ता में कोई समझौता न हो और एक माह के भीतर सभी अधूरे कार्य पूरे किए जाएं। नए शैक्षणिक सत्र से नए भवन में आंगनबाड़ी का संचालन सुनिश्चित करने के भी आदेश दिए गए।
सुदूर गांव नकिया पहुंचे कलेक्टर, खाट पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

