
मुंगेली (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) में बाघिन के हमले में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम बांधा निवासी धरमजीत घृतलहरे (25) के रूप में हुई है। मृतक अपने दोस्तों के साथ जंगल में करील-पुटू (मशरूम) लेने गया था। इसी दौरान घने जंगल में झाडिय़ों के बीच मौजूद बाघिन ने अचानक उस पर हमला कर दिया।
बताया गया कि जंगल के अंदर पहुंचने के बाद बाघिन ने धरमजीत को निशाना बनाया और उसकी गर्दन को जबड़े में दबोच लिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बाघिन के आक्रामक रुख को देखते हुए दोस्त उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। घटना के बाद साथियों ने तत्काल वन विभाग और परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शावकों की मौजूदगी से आक्रामक थी बाघिन
अचानकमार टाइगर रिजर्व के एसडीओ समीर जोनाथन ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 2 से 3 बाघ सक्रिय हैं। इनमें एक बाघिन ने हाल ही में शावकों को जन्म दिया है। शावकों की सुरक्षा को लेकर बाघिन अपने क्षेत्र में काफी आक्रामक हो सकती है। इसी दौरान जंगल में पहुंचे युवक पर उसने हमला कर दिया। वहीं वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल के अंदरूनी और संवेदनशील इलाकों में नहीं जाने की सख्त हिदायत दी है।

