2,292 पदों के लिए बनाए गए थे 250 केंद्र; हाईकोर्ट के निर्णय के बाद कर्मचारी चयन मंडल ने टाली परीक्षा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा 2026 को स्थगित कर दिया गया है। यह परीक्षा 11 अक्टूबर को आयोजित होने वाली थी। हाईकोर्ट के निर्णय के बाद छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल ने परीक्षा स्थगित करने की अधिसूचना जारी की है। परीक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और प्रदेशभर में करीब 65 हजार अभ्यर्थियों के लिए 250 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
सहायक शिक्षक भर्ती के अंतर्गत 2,292 पदों के लिए 16 अप्रैल 2026 को संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 24 जुलाई को विस्तृत विज्ञापन जारी कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। आवेदन की अंतिम तिथि 21 अगस्त निर्धारित थी। परीक्षा के लिए राजधानी रायपुर में 20 केंद्र बनाए गए थे। केंद्रों में बैठने की व्यवस्था, पर्यवेक्षकों की नियुक्ति और अन्य तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं। मंडल ने लगभग 65 हजार अभ्यर्थियों के लिए प्रश्नपत्र छपवा लिए थे और प्रवेशपत्र भी अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिए थे। परीक्षा स्थगित होने के बाद अब अभ्यर्थियों को नई तिथि की घोषणा का इंतजार है। कर्मचारी चयन मंडल ने फिलहाल परीक्षा की नई तारीख जारी नहीं की है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मामले में अंतिम निर्णय आने के बाद ही नई तिथि घोषित की जा सकती है।
दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों की श्रेणी भी बना मुद्दा
स्कूल शिक्षा विभाग के स्पष्टीकरण के अनुसार, समाज कल्याण विभाग ने 25 फरवरी 2026 को जारी अधिसूचना में सहायक शिक्षक पद के लिए पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी को शामिल नहीं किया था। इसी आधार पर भर्ती विज्ञापन में दिव्यांग अभ्यर्थियों के आरक्षित पद निर्धारित किए गए थे। इसके बाद 11 सितंबर 2026 को संशोधित अधिसूचना जारी कर पूर्ण दृष्टिबाधित श्रेणी को भी शामिल किया गया। तब तक भर्ती का विज्ञापन जारी होने के साथ आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। विभाग के अनुसार, संशोधित अधिसूचना के आधार पर मौजूदा भर्ती प्रक्रिया में इस श्रेणी को शामिल करना कानूनी और व्यावहारिक रूप से संभव नहीं था।
छत्तीसगढ़ में 6812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की तैयारी तेज, तीन परीक्षाओं की तारीख घोषित

