कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी कॉलोनी में रिटायर्ड एएसआई गलेटबिन कुमार के घर एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। घटना उस समय हुई जब वे अपने बेटे की बारात लेकर घर से बाहर गए हुए थे।
बुधवार सुबह पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देख संदेह होने पर मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस और सीएसपी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। गलेटबिन कुमार ने पुलिस को फोन पर बताया कि उनके बेटे की शादी बालको स्थित साईं मंगलम भवन में हो रही है और वे मंगलवार रात बारात लेकर निकले थे। सुबह पड़ोसियों से उन्हें घर में चोरी की जानकारी मिली।प्राथमिक जानकारी के अनुसार चोर घर से करीब 20 हजार रुपए नकद, लैपटॉप, कंप्यूटर, टीवी समेत अन्य कीमती सामान ले गए हैं। वहीं मेहमानों का सामान भी घर में रखा हुआ था। चोरी गए कुल सामान का सही आंकलन परिवार के लौटने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

