दर्री मुख्य मार्ग बनेगा ग्रीन कॉरिडोर, उद्यानों को होगा जीर्णोद्धार

      Date:

      • आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने पार्षद नरेन्द्र देवांगन व अन्य पार्षदों के साथ दर्री क्षेत्र के विविध स्थलों का किया दौरा

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। ऊर्जाधानी कोरबा के प्रवेश क्षेत्र दर्री मुख्य मार्ग को अब नया स्वरूप दिया जाएगा। कटघोरा से कोरबा मार्ग पर स्थित एनटीपीसी गोपालपुर-दर्री क्षेत्र को सुसज्जित कर ग्रीन कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही दर्री क्षेत्र में वेंडिंग जोन और सर्वसुविधायुक्त चौपाटी का निर्माण कराया जाएगा। इससे सड़क किनारे अव्यवस्थित व्यवसाय, अतिक्रमण और अवैध कब्जों का स्थायी समाधान किया जा सकेगा।

          दर्री मुख्य मार्ग

          नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने पार्षद नरेन्द्र देवांगन, पार्षद सरोज शांडिल्य, अन्य जनप्रतिनिधियों तथा एनटीपीसी व निगम अधिकारियों के साथ दर्री क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोरबा प्रवेश क्षेत्र के सुनियोजित विकास के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार कर अमल करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि कटघोरा से कोरबा आने वाला यह मुख्य प्रवेश मार्ग शहर की पहचान है, इसलिए इसे व्यवस्थित, सुंदर और आकर्षक स्वरूप दिया जाना आवश्यक है। मुख्य मार्ग पर व्याप्त अव्यवस्था, अतिक्रमण और अवैध कब्जों को हटाकर समुचित विकास कार्य किए जाएंगे।

          ग्रीन कॉरिडोर और उद्यानों का होगा विकास

          आयुक्त ने एनटीपीसी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे मार्ग पर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जाए और इसे ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित किया जाए। सड़क किनारे लघु उद्यान बनाए जाएं तथा जर्जर हो चुके उद्यानों का जीर्णोद्धार किया जाए। इसके लिए विस्तृत योजना बनाकर शीघ्र कार्य शुरू करने को कहा गया।

          बनेगा वेंडिंग जोन और चौपाटी

          दर्री क्षेत्र में सड़क किनारे असुरक्षित व अव्यवस्थित ढंग से व्यवसाय कर रहे छोटे व्यापारियों के लिए बस स्टैंड जमनीपाली के आसपास वेंडिंग जोन और चौपाटी विकसित की जाएगी। यहां दुकानदारों को व्यवस्थित रूप से स्थान दिया जाएगा, जिससे उन्हें सुरक्षित व्यवसाय स्थल मिलेगा और मुख्य मार्ग भी अतिक्रमण मुक्त होगा। एनटीपीसी गेट के समीप यात्री प्रतीक्षालय के आसपास फैली गंदगी और कचरा देखकर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान चलाकर क्षेत्र को स्वच्छ करने के निर्देश दिए।

          आईओसी को सख्त चेतावनी

          निरीक्षण के दौरान कटघोरा-गोपालपुर-दर्री मार्ग पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के टैंकरों को सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़ा पाया गया। आयुक्त ने आईओसी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्य मार्ग पर इस तरह वाहन खड़े कर यातायात बाधित किया गया तो सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              बंगाल के रण में गरजे मोदी, बोले – बंगाल की जनता TMC का अहंकार चकनाचूर करेगी

              कोलकाता (एजेंसी)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार...