वेदांता प्लांट हादसा : कांग्रेस की जांच कमेटी पहुंची सक्ती, पूर्व मंत्री जयसिंह बोले- सुरक्षा जांच होती तो टल सकती थी घटना

      Date:

      सक्ती (AkhandBharatHNKP.Com)। सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को हुए भीषण हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। बॉयलर फटने से हुई इस दर्दनाक घटना में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जबकि अनेक घायल मजदूरों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की है। समिति के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत भी घटनास्थल पहुंचे तथा हालात का निरीक्षण किया। नेताओं ने घायलों और पीड़ित परिवारों से भी मुलाकात कर जानकारी ली।

          वेदांता पावर प्लांट

          प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर इस मामले की जांच कौन करवाएगा और दोषियों पर कार्रवाई कब होगी। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि हादसे में प्रदेश के कई मजदूरों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। वहीं दूसरे राज्यों से रोजी-रोटी कमाने आए कई श्रमिक भी इस हादसे की चपेट में आए हैं, जो अत्यंत दुखद है। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि यदि सुरक्षा नियमों की समय-समय पर जांच होती रहती तो शायद इस तरह की बड़ी घटना को टाला जा सकता था। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी के बाद भी प्रदेश सरकार की ओर से कोई जनप्रतिनिधि घटनास्थल पर नहीं पहुंचा, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

          जांच कमेटी ने अस्पताल पहुंचकर उपचाररत मजदूरों एवं उनके परिजनों से मुलाकात की। समिति शीघ्र ही अपनी जांच रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी। इस दौरान समिति सदस्य नोबेल वर्मा, रामकुमार यादव, अटल श्रीवास्तव, बालेश्वर साहू, राघवेंद्र सिंह, व्यास कश्यप, शेषराज हरवंश, रहिम गबेल और राजेश अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

          वेदांता प्लांट हादसा : उत्पादन बढ़ाने की जल्दबाजी में हुआ हादसा, गंभीर लापरवाही उजागर

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related