उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, पुष्पवाटिका और धनुष यज्ञ सहित कई प्रसंगों का हुआ मंचन
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा घंटाघर स्थित ओपन थियेटर मैदान में आयोजित छह दिवसीय रामलीला के दूसरे दिन फिल्म ‘हनुमान अंश’ के नायक शोभिनव सत्य विशेष आकर्षण रहे। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने श्रीरामलला की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महापौर संजूदेवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जुड़ावन सिंह ठाकुर, चन्द्रकिशोर श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह सहित मेयर इन काउंसिल के सदस्य, पार्षद एवं एल्डरमेन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीब करौरी की भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्य ने मंच से श्रद्धालुओं और नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत भगवान श्रीसीताराम के स्मरण के साथ की। उन्होंने कहा कि उनके जीवन में जो कुछ भी अच्छा हुआ है, वह हनुमान जी और बाबा नीब करौरी की कृपा से हुआ है। शोभिनव सत्य ने बाबा नीब करौरी की तीन प्रमुख शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी से प्रेम करना और उनकी सेवा करना, भूखे को भोजन कराना तथा भगवान राम का नाम लेना जीवन में अपनाने योग्य महत्वपूर्ण संदेश हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोग इन शिक्षाओं को अपने जीवन में उतार लें, तो समाज की अनेक बुराइयों को दूर किया जा सकता है। उन्होंने उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजूदेवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय का कोरबा आमंत्रित करने के लिए आभार जताया।
उन्होंने कहा कि कोरबा आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। यहां मां सर्वमंगला के दर्शन का अवसर भी मिला। उन्होंने प्रयास करने की बात कही कि वर्ष में कम से कम एक बार कोरबा जरूर आएं। अभिनेता ने फिल्म ‘हनुमान अंश’ की लोकप्रियता का श्रेय हनुमान जी के आशीर्वाद और दर्शकों के प्रेम को दिया। साथ ही लोगों से फिल्म देखने और बाबा नीब करौरी की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने की अपील की। रामलीला के दूसरे दिन पुष्पवाटिका, धनुष यज्ञ, लक्ष्मण-परशुराम संवाद, राजतिलक तथा मंथरा-कैकेयी संवाद जैसे महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया गया। इन प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न घटनाक्रमों को प्रस्तुत किया गया।
20 अक्टूबर को होगा रावण दहन
नगर निगम द्वारा आयोजित छह दिवसीय रामलीला में आगामी दिनों के लिए भी विविध प्रसंग निर्धारित किए गए हैं। 17 अक्टूबर को राम वनगमन, केवट प्रसंग, दशरथ के देवलोक गमन और भरत मिलाप का मंचन होगा। 18 अक्टूबर को पंचवटी प्रसंग, सीता हरण, राम-हनुमान मिलन, राम-सुग्रीव मैत्री, बाली वध और लंका दहन प्रस्तुत किए जाएंगे। 19 अक्टूबर को सेतु बंध, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, मेघनाथ वध, रावण वध और राज्याभिषेक से जुड़े प्रसंगों का मंचन होगा। वहीं, 20 अक्टूबर को रावण दहन के साथ मधुर संगीत का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

