निर्माण कार्यों की जांच करने पहुंची प्रशासनिक टीम को ग्रामीणों ने बनाया बंधक, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छुड़ाया

      Date:

      • तत्काल रिपोर्ट सौंपने की मांग पर हुआ विवाद; शिकायत के आधार पर पुलिस कर रही कार्रवाई

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कनकी में निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं की जांच करने पहुंची प्रशासनिक टीम को कुछ ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश देकर जांच दल को सकुशल मुक्त कराया।

          जानकारी के अनुसार ग्राम कनकी में कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों में अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जन शिकायत व्यवस्था और कलेक्टर के जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत करतला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देश पर जांच दल गठित किया गया था। इस दल में करारोपण अधिकारी सहित अन्य सदस्य शामिल थे। टीम शुक्रवार को शिकायतों की वास्तविक स्थिति का पता लगाने और निर्माण कार्यों की जांच करने गांव पहुंची थी।

          जांच रिपोर्ट तत्काल सौंपने की मांग पर विवाद

          जांच के दौरान कुछ ग्रामीण अधिकारियों से मौके पर ही जांच रिपोर्ट सौंपने की मांग करने लगे। अधिकारियों ने नियमानुसार जांच पूरी करने और रिपोर्ट तैयार करने की बात कही। इसी बात को लेकर ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते कुछ ग्रामीणों ने जांच दल को घेर लिया और अधिकारियों को बंधक बना लिया। इस दौरान मौके पर हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई। घटना की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और उरगा थाना पुलिस को दी गई।

          पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

          अधिकारियों को बंधक बनाए जाने की सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया और बंधक बनाए गए अधिकारियों सहित जांच दल को सुरक्षित बाहर निकालकर उरगा थाने पहुंचाया। थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि जांच अधिकारियों की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। घटना के संबंध में संबंधित लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related