रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। शिक्षा विभाग द्वारा 4708 पदों पर शिक्षक भर्ती के लिए रोस्टर तैयार कर लिया गया है। इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा विभिन्न मंचों से 5000 पदों पर शिक्षक भर्ती की घोषणा किए जाने के बाद अब 292 अतिरिक्त पद जोडऩे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
शिक्षा विभाग इन अतिरिक्त पदों को शामिल करते हुए नया रोस्टर तैयार करने में जुटा है। रोस्टर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भर्ती से जुड़ी आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। माना जा रहा है कि फरवरी माह में भर्ती का विज्ञापन जारी किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में शिक्षक भर्ती की घोषणा पिछले साल जुलाई में की गई थी। उस समय 5000 पदों पर भर्ती की योजना थी, लेकिन बाद में व्याख्याता कंप्यूटर के 146 और योग के 146 पद घटाकर 4708 पदों पर भर्ती की मंजूरी दी गई। इनमें सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला, शिक्षक, व्याख्याता और पीटीआई के पद शामिल हैं।
इसी आधार पर शिक्षा विभाग ने रोस्टर तैयार कर व्यापमं को जानकारी भेजी थी। अब पदों की संख्या बढ़ाए जाने की तैयारी की जा रही है। शिक्षक भर्ती के लिए फरवरी में विज्ञापन जारी होने की संभावना है, लेकिन परीक्षा के आयोजन में देरी हो सकती है। स्कूल शिक्षा विभाग ने हाल ही में व्यापमं को पत्र भेजकर 2025-26 सत्र के भीतर परीक्षा आयोजित करने का अनुरोध किया है। हालांकि, व्यापमं के वार्षिक परीक्षा कैलेंडर के अनुसार फरवरी में पहले से दो परीक्षाएं तय हैं। मार्च में चार और अप्रैल में तीन परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। मई से पीईटी, पीएटी और बीएड जैसी प्रवेश परीक्षाओं का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
वर्तमान में व्यापमं के कैलेंडर में अक्टूबर माह की 11 और 25 तारीख, तथा नवंबर की 29 तारीख फिलहाल खाली हैं। दिसंबर तक लगभग लगातार परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। सूत्रों के अनुसार व्यापमं ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षाएं निर्धारित कैलेंडर के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी, जिससे शिक्षक भर्ती परीक्षा में देरी की आशंका बढ़ गई है।
बस्तर और सरगुजा में अधिक पद रिक्त
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जिलों से रिक्त पदों की जानकारी मंगाई गई थी। इसके अनुसार बस्तर और सरगुजा संभाग में सबसे अधिक पद खाली हैं, इसलिए इन क्षेत्रों के लिए ज्यादा वैकेंसी निकलने की संभावना है। 4708 पदों के अनुसार, भर्ती में 2000 पद सहायक शिक्षक, 200 पद सहायक शिक्षक विज्ञान प्रयोगशाला, 1500 पद शिक्षक, 154 पद पीटीआई और 854 पद व्याख्याता के लिए प्रस्तावित हैं।

