कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। बालको क्षेत्र में लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी व अन्य अनुषंगी संगठनों ने बालको नगर प्रशासन कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया, जिसमें बड़ी संख्या में ठेला-गुमटी संचालक, लघु व्यवसायी और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान वेदांता संचालित भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनप्रतिनिधियों ने इसे जनविरोधी बताया और चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त तहसीलदार विष्णु प्रसाद पैकरा और नायब तहसीलदार दीपक पटेल को सौंपा गया। धरना स्थल पर पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि बालको प्रबंधन की मनमानी से क्षेत्र का हर वर्ग प्रभावित है चाहे कर्मचारी हों, मजदूर, व्यापारी या आम नागरिक। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि ठेला-गुमटी संचालकों या छोटे व्यापारियों को नुकसान पहुंचाया गया तो प्रबंधन को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। ज्ञापन में सड़क, पर्यावरण, रोजगार, श्रमिक अधिकार और जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्षों से इन मुद्दों की अनदेखी की जा रही है, जिससे आम लोगों का जीवन और आजीविका प्रभावित हो रही है।
इस मौके पर सुशांत मिश्रा, सुमेर डालमिया, विकास सिंह, तनवीर अहमद, सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल,कुसुम द्विवेदी, मोहन प्रधान, नत्थू लाल यादव, सपना चौहान, राज जायसवाल, पुष्पा पात्रे,राजेन्द्र सिंह ठाकुर, प्रदीप अग्रवाल, एफ डी मानिकपुरी, सुधीर जैन, पालुराम साहु, बसंत चंद्रा, दुष्यंत शर्मा, अमन पटेल, गिरधारी लाल साहु सहित सभी मंडल, ब्लॉक, वार्ड एवं बूथ कमेटी के पदाधिकारी भारी संख्या में उपस्थित थे ।
युवा कांग्रेस का अल्टीमेटम
युवा कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि प्रबंधन द्वारा लगातार नियमों की अनदेखी और जनता के अधिकारों का हनन किया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं ग्रामीण अध्यक्ष विकास सिंह ने इसे क्षेत्र की जनता की आवाज बताते हुए जल्द समाधान की मांग की। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने राष्ट्रपति से मामले में हस्तक्षेप की मांग करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है।
प्रमुख मांगें
प्रदर्शनकारियों ने ध्यानचंद चौक से रिस्दी चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण, जर्जर सड़कों की मरम्मत, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता, संविदा श्रमिकों के शोषण पर रोक, फ्लाई ऐश प्रदूषण नियंत्रण, बंद मार्गों को खोलने और छोटे व्यापारियों को विस्थापन से बचाने की मांग की।
बालको में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, असम के मुख्यमंत्री का किया पुतला दहन

