कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। तंत्र- मंत्र के चक्कर में कोरबा में 3 लोगों की संदिग्ध मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बुधवार- गुरूवार की देर रात बरबसपुर स्थित एक स्क्रैप यार्ड के कमरे में कबाड़ कारोबारी अशरफ मेमन, तुलसीनगर निवासी सुरेश साहू व दुर्ग निवासी नीतीश कुमार के शव एक ही कमरे में मिली है।
जानकारी के अनुसार जांच में पता चला है कि बिलासपुर निवासी कथित तांत्रिक राजेंद्र कुमार 3 साथियों के साथ बुधवार की देर रात कोरबा पहुंचा। उसने दावा किया कि 5 लाख रुपए को तंत्र-मंत्र से 2.5 करोड़ रुपए में बदल दिया जाएगा। रात करीब 11 बजे स्क्रैप यार्ड में तंत्र-मंत्र का कथित अनुष्ठान शुरू हुआ। राजेंद्र कुमार ने तीनों को एक-एक कर अलग कमरे में बुलाया, उन्हें नींबू दिया, जमीन पर रस्सी से घेरा बनाया और कमरे में बंद कर दिया। उसने कहा कि कमरा 30 मिनट से एक घंटे बाद खोला जाएगा। निर्धारित समय के बाद जब कमरे का ताला खोला गया, तो तीनों मृत पड़े मिले। यह देखकर मौजूद लोग घबरा गए और पुलिस को सूचना दी। हालांकि, साथी लोग उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजेंद्र के साथ आए बिलासपुर निवासी अश्वनी कुर्रे ने बताया कि अचानक हुई मौतों के बारे में उसे भी कुछ पता नहीं है। उसका दावा है कि तंत्र-मंत्र कराने के बाद तीनों की मौत हो गई, लेकिन यह कैसे हुआ, उसकी उन्हें जानकारी नहीं।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मृतकों के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान मिले है। एक मृतक के मुंह में नींबू भी पाया गया। परिवार का दावा है कि तीनों के साथ मारपीट या जोर-जबरदस्ती की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से बैगा और उसके साथ आए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

