कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के पाली क्षेत्र में शनिवार शाम मौसम का बदला मिजाज तीन परिवारों के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया। तेज आंधी और बारिश के बीच पेड़ की छांव में ठहरना तीन युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। अचानक पेड़ की विशाल शाखा टूटकर गिरने से तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

मामला पाली थाना क्षेत्र के चोरका दांड गांव का है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम अचानक मौसम बिगड़ने लगा और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान गांव के तीन युवक किसी काम से लौटते समय रास्ते में फंस गए। बारिश और आंधी से बचने के लिए उन्होंने सड़क किनारे एक बड़े पेड़ के नीचे रुकना सुरक्षित समझा, लेकिन कुछ ही पलों में यह फैसला हादसे में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के दबाव से पेड़ की एक भारी शाखा अचानक टूटकर युवकों पर आ गिरी, जिससे वे उसके नीचे दब गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए शाखा हटाई, लेकिन तब तक तीनों दम तोड़ चुके थे। हादसे में जान गंवाने वालों में शिवराम टेकाम (14 वर्ष), दिनेश तिर्की (17 वर्ष) और कमलेश बड़ा (18 वर्ष) शामिल हैं। तीनों चोरका दांड गांव के निवासी थे और आपस में करीबी दोस्त बताए जा रहे हैं। एक साथ तीन युवकों की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

