जगदलपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जांगला थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी के जंगलों में हुई मुठभेड़ में दो वर्दीधारी नक्सली मारे गए। दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं। घटनास्थल से एसएलआर, इंसास राइफल सहित अन्य हथियार और विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है। बीजापुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।

पुलिस के अनुसार जांगला थाना क्षेत्र के इंद्रावती नदी के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम को सर्चिंग अभियान पर रवाना किया गया। जंगल में जवानों की मौजूदगी भांपते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के बाद चलाए गए सघन तलाशी अभियान में दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए गए। मौके से एक एसएलआर, एक इंसास राइफल, एक 12 बोर राइफल, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की गई हैं। फिलहाल पूरे इलाके में सर्चिंग अभियान जारी है।
6 फरवरी को 7 नक्सली मारे गए थे
इससे पहले 6 फरवरी को छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सात नक्सली मारे गए थे, जिनमें तीन महिला नक्सली शामिल थीं। इस मुठभेड़ में महाराष्ट्र पुलिस का एक जवान शहीद हो गया था, जबकि एक अन्य जवान घायल हुआ था।
सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 5 नक्सलियों को मार गिराया, भारी मात्रा में हथियार बरामद

