रायगढ़ (AkhandBharatHNKP.Com)। भूपदेवपुर स्थित बिलासपुर जलाशय का एक हिस्सा अचानक टूट जाने से देर रात आसपास के कई गांवों में पानी घुस गया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। जलाशय का पानी एक दर्जन से अधिक गांवों में तेजी से फैल गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अमला तत्काल सक्रिय हो गया और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। प्रशासन ने स्थिति को शीघ्र नियंत्रण में लाने का भरोसा दिलाया है। बताया जा रहा है कि दो दिन पूर्व क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन से जलाशय का पानी छोडऩे की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर कुछ किसानों ने स्वयं पानी निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान डैम का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पानी का तेज बहाव शुरू हो गया और देखते ही देखते आसपास के गांव जलमग्न हो गए।
प्रभावित गांवों में बचाव कार्य जारी
मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम लगातार पानी के बहाव को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। वहीं, क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत का कार्य भी युद्धस्तर पर किया जा रहा है। पिछले करीब 17 घंटे से टीमें लगातार काम कर रही हैं। लगातार पानी बहने के कारण जलाशय का जलस्तर तेजी से घट रहा है। प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है, वहीं प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

