Friday, February 20, 2026

फर्जीवाड़ा उजागर : 15 रिटायर्ड कर्मचारियों ने खुद को मृत बताकर 1 करोड़ 19 लाख पेंशन निकलवाए

Date:

दुर्ग- भिलाई (AkhandBharatHNKP.Com)। दुर्ग में एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां 15 सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने खुद को मृत बताकर मृत्यु बीमा राशि निकलवा ली। सभी अलग-अलग कंपनियों में काम कर चुके थे। इन्होंने अपनी राष्ट्रीय पेंशन योजना का पैसा निकालने के लिए एक ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालक से संपर्क किया था।

मृत्यु बीमा राशि

संचालक ने पांच प्रतिशत कमीशन लेने की बात कही। इसके बाद उसने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और नकली दस्तावेज तैयार कर बैंक से लगभग 1 करोड़ 19 लाख रुपये अवैध रूप से निकलवा लिए। यह मामला पाटन थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने ऑनलाइन सेवा केंद्र के संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब भिलाई इस्पात संयंत्र के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी के नाम पर मृत्यु दावा किया गया, जबकि वह व्यक्ति जीवित पाया गया। इसके बाद एचडीएफसी लाइफ एंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के बोकारो (झारखंड) स्थित प्रबंधक को संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि राष्ट्रीय पेंशन योजना में फर्जी मृत्यु दावा लगाकर बड़ी राशि अवैध तरीके से निकाली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि 15 खाताधारकों को मृत दर्शाकर करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये की अवैध निकासी की गई।

फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाकर निकाली राशि

पुलिस जांच में ऑनलाइन सेवा केंद्र का संचालक राजेश कनोजिया (44 वर्ष) इस पूरे घोटाले का मुख्य सूत्रधार निकला। उसने लोगों के असली दस्तावेज लेकर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार किए। इन्हीं कागजों के आधार पर बीमा दावा किया जाता था और राशि निकाल ली जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि एचडीएफसी लाइफ एंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड का एक पूर्व कर्मचारी राजेश कुमार ठाकुर भी इस मामले में शामिल था। उसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए फर्जी दस्तावेज अपलोड किए और सत्यापन प्रक्रिया को नजरअंदाज कर दावों को स्वीकृत कराया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।

Share post:

Popular

More like this
Related

छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर राज्यपाल ने किया नमन

रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राज्यपाल रमेन डेका ने छत्रपति शिवाजी महाराज...