राज्य शूटिंग प्रतियोगिता में कोरबा की डॉ. यामिनी बोडे का शानदार प्रदर्शन, जीते स्वर्ण और रजत पदक

      Date:

      • 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल में गोल्ड, स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में सिल्वर; डीजीपी ने किया सम्मानित

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा की प्रतिभाशाली निशानेबाज़ एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. यामिनी बोडे ने रायपुर में आयोजित 25वीं छत्तीसगढ़ राज्य शूटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक और 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया।

          11 से 21 जुलाई तक आयोजित प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। डॉ. यामिनी बोडे वर्तमान में धनराजकुंवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोरबा में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) के रूप में सेवाएं दे रही हैं। वे कोरबा के पूर्व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. बी.बी. बोडे तथा वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अन्नपूर्णा बोडे की सुपुत्री हैं। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी डॉ. यामिनी बोडे ने इसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इस वर्ष स्वर्ण और रजत पदक जीतकर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ दिया है।

          जिले में खुशी की लहर

          डॉ. यामिनी बोडे की इस उपलब्धि पर पूरे कोरबा जिले में खुशी का माहौल है। विभिन्न सामाजिक, चिकित्सा और खेल संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है और इससे जिले का नाम पूरे प्रदेश में गौरवान्वित हुआ है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related