नई दिल्ली (एजेंसी) (AkhandBharatHNKP.Com)। देश की संसद भवन की सुरक्षा एक बार फिर सेंध लगी है। शुक्रवार की सुबह एक व्यक्ति दीवार कूदकर संसद भवन में घुस गया और गरुड़ द्वारा तक पहुंच गया। सुरक्षा कर्मियों ने उसे तुरंत दबोच लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।
शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने रेल भवन की ओर से पेड़ के सहारे दीवार फांदकर नई संसद भवन के गरुड़ द्वार तक पहुंच गया था। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए गए शख्स की पहचान की जा रही है। उसके पास कोई हथियार था या ऐसे ही वह संसद में घुसा है। इन सभी एंगल में सुरक्षाकर्मी की टीम जांच कर रही है।
पुलिस थाने ले जा गया शख्स
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध शख्स ने संसद परिसर में अनधिकृत प्रवेश के लिए रेल भवन की ओर से दीवार का सहारा लिया। वह गरुड़ द्वार तक पहुंच गया, जो संसद भवन का एक प्रमुख प्रवेश द्वार है। सीआईएसएफ ने उसे पकडऩे के बाद संसद मार्ग पुलिस स्टेशन को सौंप दिया है। दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसका मकसद क्या था? आखिर उसका संसद परिसर में घुसने का मकसद क्या था?
कल ही खत्म हुआ था मानसून सत्र
संसद का मानसून सत्र गुरुवार को ही खत्म हुआ है। मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होकर 21 अगस्त 2025 तक चला है। 32 दिनों तक चले इस सत्र में कुल 21 बैठकें हुईं, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण कार्यवाही कई बार बाधित रही। सत्र के दौरान सरकार ने कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए हैं। विपक्ष ने पहलगाम आतंकी हमला, ऑपरेशन सिंदूर, बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत-पाकिस्तान युद्धविराम दावों जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश की।
2023 में भी हुई थी ऐसी घटना
13 दिसंबर 2023 को संसद पर आतंकी हमले की 22वीं बरसी पर नए संसद भवन की विजिटर्स गैलरी से बैठे 2 युवकों ने अपने जूतों से छिपा पीला स्प्रे भवन में फैला दिया था। जिससे पूरे सदन में भगदड़ मच गई थी। ये लोग 5 लेयर की सुरक्षा तोड़कर लोकसभा में घुसे थे और हंगामा किया था। वहीं, इनके दो अन्य साथियों को संसद के बाहर प्रदर्शन करते हुए सिक्योरिटी ने पकड़ा था।

