कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिला पुलिस में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने चार प्रधान आरक्षकों और छह आरक्षकों समेत कुल 10 पुलिसकर्मियों की नई पदस्थापना की है। तबादला सूची में पाली थाना में पदस्थ आरक्षक नरेश बंजारे और रामकुमार चंद्रा भी शामिल हैं। दोनों को क्रमशः श्यांग और लेमरू थाना भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि पाली क्षेत्र में दोनों आरक्षकों के खिलाफ लगातार शिकायतें पुलिस अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। एक मामले में पाली नगर पंचायत क्षेत्र के एक पार्षद के रिश्तेदार ने आबकारी एक्ट के तहत कथित तौर पर झूठी एफआईआर दर्ज करने, दुकान पर जाकर बार-बार परेशान करने और धमकी देने की शिकायत की थी। शिकायत के बाद एसपी के निर्देश पर कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत ने मामले की जांच की। शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच-पड़ताल के बाद पुलिस विभाग ने दोनों आरक्षकों के स्थानांतरण का निर्णय लिया। शिकायतकर्ता ने कथित दबाव के बावजूद अपनी शिकायत वापस लेने से इनकार कर दिया और मामले में समझौता नहीं किया। इसके बाद जांच पूरी होने पर एसपी ने दोनों आरक्षकों का तबादला कर दिया। पुलिस विभाग की ओर से जारी तबादला आदेश में आठ अन्य पुलिसकर्मियों के नाम भी शामिल हैं। इनका स्थानांतरण प्रशासनिक दृष्टिकोण से किया गया है। विभागीय स्तर पर किए गए इस फेरबदल के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों को नई पदस्थापना पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

