लंबित आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं पुनरीक्षा समिति की बैठक कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शासन प्रायोजित विभिन्न योजनाओं के तहत बैंकों में लंबित ऋण प्रकरणों, स्वीकृति और ऋण वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बैंकर्स को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि शासन की स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी योजनाओं का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, बेरोजगार युवाओं और अपना व्यवसाय शुरू करने के इच्छुक लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। ऐसे में पात्र हितग्राहियों के ऋण प्रकरणों का गंभीरता से परीक्षण कर अधिक से अधिक ऋण स्वीकृत किए जाएं, ताकि वे अपना रोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बैंकर्स से कहा कि ऋण प्रकरणों के निपटारे की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जाए और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए। बैठक में बैंकवार और शाखावार ऋण प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन का तय समय में निराकरण करने के निर्देश दिए। लंबित अथवा अस्वीकृत प्रकरणों में स्पष्ट और वस्तुनिष्ठ कारण दर्ज करने तथा अधूरे आवेदनों को आवश्यक मार्गदर्शन के साथ संबंधित विभाग को वापस भेजने कहा, ताकि कमियों को दूर कर दोबारा परीक्षण किया जा सके। उन्होंने बैंक अधिकारियों को शासकीय योजनाओं के ऋण प्रकरणों में व्यक्तिगत रुचि लेकर स्वीकृति और ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, लीड बैंक मैनेजर कृष्णा भगत, आरबीआई, नाबार्ड सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा जिले की बैंक शाखाओं के प्रबंधक और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
सूर्यघर योजना में तेजी लाने पर जोर
प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत बैंकों को भेजे गए और लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने योजना को शासन की प्राथमिकता बताते हुए पात्र हितग्राहियों के आवेदनों का जल्द परीक्षण कर ऋण स्वीकृति और वितरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोडऩे के लिए लोगों को आवेदन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
पीएम स्वनिधि में स्ट्रीट वेंडर्स को समय पर मिले ऋण
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पात्र स्ट्रीट वेंडर्स के ऋण प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि छोटे व्यवसायियों को आर्थिक मदद देकर उनके स्वरोजगार को मजबूत करना योजना का उद्देश्य है, इसलिए पात्र हितग्राहियों के मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
पीएमईजीपी और मुद्रा योजना की भी समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना समेत अन्य शासकीय योजनाओं के ऋण आवेदनों की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों और बैंकर्स को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम करते हुए ऋण वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभाग और बैंक आपसी समन्वय से काम करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर वित्तीय सहायता मिल सके और शासकीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कलेक्टर दुदावत ने दिए सख्त निर्देश

