ग्वालियर में दर्दनाक हादसा: शीतला माता मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने रौंदा, 15 की मौत और 26 घायल

      Date:

      ग्वालियर (एजेंसी)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों में दो पुलिसकर्मी भी शामिल बताए गए हैं। हादसा उस समय हुआ, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन और पूजा करने के लिए सड़क किनारे कतार में खड़े थे। इसी दौरान चीनौर की ओर से आ रहा धान से भरा एक ट्रक ढलान पर अनियंत्रित हो गया और लोगों को कुचलता हुआ मंदिर की बाहरी दीवार तथा प्रवेश द्वार से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि मंदिर की दीवार का एक हिस्सा ढह गया और कई लोग मलबे में दब गए।

          शीतला माता मंदिर

          घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस तथा अन्य बचाव दलों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई है।

          जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर शीतला माता मंदिर के पास ढलान वाले हिस्से में हुआ। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी हुई थी। अष्टमी के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। इसी दौरान चीनौर की ओर से धान से भरा ट्रक मंदिर के पीछे वाले रास्ते से आया। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक मोबाइल पर गूगल मैप की सहायता से रास्ता तलाश रहा था। इसी रास्ते पर आगे ढलान पड़ती है, जहां मंदिर के पास श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद थी। ढलान पर पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

          पुलिस चौकी तोड़ते हुए भीड़ में घुसा ट्रक

          प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार ट्रक ढलान से नीचे की ओर बढ़ता चला गया। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक रास्ते में मौजूद पुलिस चौकी को तोड़ते हुए श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गया। वहां खड़े लोगों को कुचलने के बाद ट्रक मंदिर की बाहरी दीवार और प्रवेश द्वार से जा टकराया। टक्कर के कारण दीवार का हिस्सा ढह गया। कुछ लोग वाहन की चपेट में आ गए, जबकि कई श्रद्धालु दीवार के मलबे में दब गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने घायलों को निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related