कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। त्योहारों के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और आम लोगों को आवागमन में परेशानी से बचाने के लिए कोरबा पुलिस ने सड़क पर ट्रेलर खड़े कर रास्ता बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने 15 और 16 अक्टूबर को अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सड़क पर खड़े सात ट्रेलर जब्त किए। साथ ही सात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, सड़क पर भारी वाहनों को खड़ा करने से आम लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इसे देखते हुए चौकी मानिकपुर और कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की। चौकी मानिकपुर पुलिस ने अमरैया पारा-मुड़ापार बाईपास रोड क्षेत्र में सड़क पर खड़े ट्रेलरों को जब्त किया। वहीं, कोतवाली पुलिस ने राताखार बाईपास क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए भारी वाहनों को कब्जे में लिया। त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सड़क पर भारी वाहनों को अनावश्यक रूप से खड़ा करने से जाम की स्थिति बनने और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्गों पर वाहन खड़े कर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
जब्त किए गए सात ट्रेलर
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जिन सात ट्रेलरों को जब्त किया, उनके पंजीयन क्रमांक इस प्रकार हैं— सीजी 12 बीजी 7284, सीजी 12 एयू 7204, सीजी 12 बीजी 7282, सीजी 12 एयू 2488, सीजी 12 बीएच 1674, सीजी 12 बीजे 0640 और सीजी 12 बीजी 7113।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
पुलिस ने इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बलि राम कोर्राम (23), निवासी रामपुर, थाना पसान; रामप्रवेश पासवान (41), निवासी सोनभद्र, उत्तर प्रदेश; गुलाब सिंह गोंड (26), निवासी लालपुर, बांगो; पहलाद यादव (44), निवासी मैहर, मध्य प्रदेश; रघुनाथ सिंह (27), निवासी गढ़वा, झारखंड; गीता प्रसाद यादव (27) और राजकुमार विश्वकर्मा (22), दोनों निवासी माचा डोली, बांगो शामिल हैं।
वाहन चालकों से पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें। यातायात नियमों का पालन करें, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। पुलिस ने कहा है कि त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन कर आम लोगों के रास्ते में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने सड़क पर उतरे आयुक्त व सभापति

