CG News : 8 मिनट में 1.89 करोड़ के 173 आईफोन पार, बाइक की परछाई से पकड़ा गया कंजर गैंग का मास्टरमाइंड

      Date:

      • 265 किलोमीटर के दायरे में खंगाले गए 1000 सीसीटीवी फुटेज, एआई से तैयार तस्वीर ने खोली आरोपी की पहचान; विदेश भागने की तैयारी कर रहा साथी भी गिरफ्तार

          रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर में एप्पल मोबाइल स्टोर से हुई 1.89 करोड़ रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शातिर चोरों ने महज आठ मिनट में 173 आईफोन सहित अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पार कर दिए थे। वारदात को मध्यप्रदेश के कंजर गिरोह ने अंजाम दिया था। पुलिस ने करीब 265 किलोमीटर के दायरे में एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंच बनाई। इस पूरी जांच में एक चोरी की बाइक की अर्धचंद्राकार परछाई पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग साबित हुई।

          रायपुर

          पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश निवासी राकेश कंजर और सैफान को गिरफ्तार किया है। सैफान चोरी के मोबाइल खपाने में मदद करता था और विदेश भागने की तैयारी में था। पुलिस ने अब तक 125 आईफोन बरामद कर लिए हैं, जबकि करीब 40 मोबाइल की तलाश जारी है। गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला के मुताबिक, 31 अक्टूबर की रात तीन आरोपी चोरी की बाइक से तेलीबांधा स्थित आईनेक्स्ट एप्पल स्टोर पहुंचे थे। आरोपियों ने शटर तोड़कर महज आठ मिनट के भीतर 173 आईफोन और अन्य सामान चोरी कर लिया। वे स्मार्ट वॉच, हेडफोन और दुकान का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए 40 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई।

          आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात भेजी गईं। जांच में पता चला कि आरोपी 24 अक्टूबर को रायपुर आए थे। इसके बाद देवास चले गए और 31 अक्टूबर को दोबारा रायपुर पहुंचे। पुलिस ने उनकी आवाजाही का पता लगाने के लिए लगभग 265 किलोमीटर के दायरे में एक हजार सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। शुरुआत में स्टोर और आसपास लगे करीब 100 कैमरों की फुटेज से कोई स्पष्ट सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। करीब 20 किलोमीटर दूर कुम्हारी में एक संदिग्ध बाइक दिखाई दी। पुलिस ने गौर किया कि बाइक की खराब हेडलाइट के कारण उसकी परछाई अर्धचंद्राकार बन रही थी। अलग-अलग स्थानों के कैमरों में भी बाइक की यही पहचान सामने आई। इसी सुराग के आधार पर पुलिस महाराष्ट्र के सकोली के जंगल तक पहुंची। वहां चार दिनों तक तलाश करने के बाद चोरी की बाइक बरामद की गई। आरोपियों ने बाइक की नंबर प्लेट और चेसिस नंबर भी बदल दिए थे।

          एआई से तैयार तस्वीर ने मास्टरमाइंड तक पहुंचाया

          जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध का धुंधला वीडियो फुटेज मिला। तकनीक की मदद से उसकी संभावित तस्वीर तैयार कर ऑल इंडिया पुलिस समूह में साझा की गई। देवास पुलिस ने तस्वीर देखकर संदिग्ध की पहचान हिस्ट्रीशीटर राजेश सिंह झाला के रूप में की। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ चोरी सहित 47 से अधिक मामले दर्ज हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह का संचालन राजेश सिंह झाला करता था। वह अपने बेटे राज झाला और रिश्तेदार राजेश लोधी के साथ वारदातों को अंजाम देता था, जबकि सैफान चोरी के मोबाइल और अन्य सामान बेचने में मदद करता था।

          कोलकाता तक पहुंचा चोरी के मोबाइल का नेटवर्क

          पुलिस जांच में पता चला कि चोरी के कुछ आईफोन कोलकाता के चोर बाजार में बेचे गए थे। राजेश से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सैफान के बड़वानी स्थित मकान पर छापा मारा। लेन-देन की जांच में सामने आया कि वारदात के छह दिन बाद उसके खाते में कोलकाता से पांच लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने कोलकाता में सैफान की बहन के घर भी दबिश दी। चोरी के सामान की कड़ी इंदौर तक पहुंचने पर पुलिस ने भेष बदलकर सैफान के घर की निगरानी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। वह विदेश भागने की तैयारी में था। पुलिस ने अब तक 125 आईफोन बरामद कर लिए हैं। करीब 40 मोबाइल फोन की तलाश की जा रही है। इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस अब चोरी के शेष मोबाइल और गिरोह के अन्य संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related