कोरबा में बनेगा छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा साइंस सेंटर, 25 करोड़ रुपये होंगे खर्च

      Date:

      • मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर साइंस एवं कन्वेंशन सेंटर का भूमिपूजन, रोबोटिक्स से लेकर अंतरिक्ष विज्ञान तक की मिलेंगी सुविधाएं

          साइंस सेंटर

          कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। औद्योगिक नगरी कोरबा में विज्ञान और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए रिस्दी रोड पर छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा साइंस सेंटर बनाया जाएगा। लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले पुण्यश्लोक लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर साइंस एवं कन्वेंशन सेंटर का भूमिपूजन वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया। अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद के अंतर्गत बनने वाला यह केंद्र विद्यार्थियों को वैज्ञानिक प्रयोगों और आधुनिक तकनीक को करीब से समझने का अवसर देगा।

          साइंस सेंटर

          भूमिपूजन समारोह में मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि साइंस सेंटर का निर्माण कोरबा के इतिहास में विज्ञान और तकनीकी शिक्षा का नया अध्याय जोड़ेगा। यहां विद्यार्थी वैज्ञानिक प्रयोगों के माध्यम से नई जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे और चंद्रयान तथा मंगलयान जैसे अंतरिक्ष अभियानों में इस्तेमाल होने वाली तकनीकों को समझ सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह केंद्र बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने, नवाचार को प्रोत्साहित करने और उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करने में सहायक होगा। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत-2047 की संकल्पना को साकार करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और तकनीक के क्षेत्र में निरंतर प्रगति जरूरी है। साइंस सेंटर जैसी परियोजनाएं विद्यार्थियों को ज्ञान और कौशल से सशक्त बनाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएंगी। इस अवसर पर नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, अदाणी फाउंडेशन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैभव टंडन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

          रोबोटिक्स, अंतरिक्ष विज्ञान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र होंगे विकसित

          कलेक्टर कुणाल दुदावत ने बताया कि लगभग 1.30 लाख वर्गफीट क्षेत्र में विकसित होने वाले इस केंद्र में विज्ञान से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां रोबोटिक्स जोन, अंतरिक्ष जोन, तारामंडल, खनन अनुभव क्षेत्र, सांस्कृतिक केंद्र तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आभासी वास्तविकता पर आधारित सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इनके माध्यम से विद्यार्थी पुस्तकों में पढ़े वैज्ञानिक सिद्धांतों को प्रत्यक्ष अनुभव और गतिविधियों के जरिए समझ सकेंगे। कलेक्टर ने बताया कि इस वर्ष जिले के पीएम श्री विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अहमदाबाद स्थित साइंस सेंटर का भ्रमण कर वहां की सुविधाओं का अवलोकन किया था। कोरबा में इसी स्तर की सुविधाएं विकसित होने से विद्यार्थियों को अपने जिले में ही विज्ञान और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिलेगा। महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि साइंस सेंटर से बच्चों की जिज्ञासा बढ़ेगी और उन्हें विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों को समझने का अवसर मिलेगा। यह केंद्र विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने और उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

          औद्योगिक विकास के साथ बढ़ेंगी नागरिक सुविधाएं

          मंत्री देवांगन ने कहा कि राज्य सरकार की नई उद्योग नीति के माध्यम से औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है। डाटा सेंटर, सेमीकंडक्टर पार्क और वस्त्र उद्योग पार्क जैसी परियोजनाओं से रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। उन्होंने कोरबा में सड़क, पुल-पुलियों और यातायात सुविधाओं के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी। कलेक्टर ने बताया कि जिले में उद्योगों के सहयोग से कई विकास कार्य कराए जा रहे हैं। बालको द्वारा शहर में फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि एसईसीएल ने सीतामढ़ी-उरगा सड़क निर्माण के लिए 50 करोड़ रुपये का योगदान दिया है। स्वामी विवेकानंद शैक्षणिक परिसर में पुस्तकालय निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों में भी सीएसआर मद से सहयोग दिया जा रहा है। 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह साइंस सेंटर कोरबा के विद्यार्थियों को विज्ञान, तकनीक और नवाचार से जोड़ने के साथ जिले में वैज्ञानिक शिक्षा के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

          350 मितानिन दीदियों का कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया सम्मान, बोले- ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ का भाव कर रहीं साकार

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related