कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचल दिया और अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में बाइक सवार 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना पाली थाना क्षेत्र के नूनेरा गांव के पास की है।

मिली जानकारी के अनुसार पोटापानी गांव निवासी बृजपाल सिंह कंवर (23), मंगल सिंह (25) और ओम प्रकाश दीपका स्थित एक निजी कंपनी में काम करते थे। बुधवार सुबह तीनों युवक बाइक से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान नूनेरा गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया, जिससे तीनों युवकों के शव ट्रक के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद ट्रक को हटाकर शव बाहर निकाले गए।
सड़क पर बिखरा कोयला, लगा लंबा जाम
हादसे के बाद ट्रक में लदा कोयला सड़क पर बिखर गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग है कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए और आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात बहाल कराने में जुटी हुई है।
ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस
पाली थाना पुलिस के अनुसार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

