16 ट्रेनों और दोनों स्टेशनों के सभी प्लेटफॉर्म पर चला विशेष अभियान, बिना टिकट सफर करते मिले 207 यात्री
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने बिना टिकट और अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्ती बरतते हुए 26 नवंबर को भाटापारा और रायपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। इस दौरान दोनों स्टेशनों के सभी प्लेटफॉर्मों के साथ 16 ट्रेनों में जांच की गई। अभियान में कुल 325 मामले सामने आए, जिनसे रेलवे को 2 लाख 92 हजार 40 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
अभियान के दौरान सबसे अधिक 207 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। इनसे रेलवे ने 2 लाख 14 हजार 635 रुपये की वसूली की। वहीं, अनियमित टिकट लेकर सफर कर रहे 102 यात्रियों से 74 हजार 800 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए। जांच के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले 15 यात्रियों को भी पकड़ा गया। इनसे 2 हजार 170 रुपये वसूले गए। इसके अलावा एक अन्य मामले में 435 रुपये की वसूली की गई। इस तरह पूरे अभियान से रेलवे को कुल 2,92,040 रुपये का राजस्व मिला।
यह विशेष अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर चलाया गया। अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजेश कुमार साह, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक सहित टिकट जांच विभाग के 20 कर्मचारी शामिल रहे। रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के साथ यात्रियों को उचित टिकट लेकर सफर करने के प्रति जागरूक करना भी था। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सफर करने से पहले निर्धारित श्रेणी का उचित टिकट अवश्य लें और अपने टिकट के अनुसार ही कोच में यात्रा करें। रेलवे परिसर में प्रवेश करने तथा प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले प्लेटफॉर्म टिकट लेना भी जरूरी है। इसके साथ ही स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है। रेलवे मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा ऐसे जांच अभियान समय-समय पर चलाए जा रहे हैं।

