प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में धोखाधड़ी का मामला, तीसरा आरोपी फरार; किसानों की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
जगदलपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में किसानों के नाम पर फर्जी हस्ताक्षर कर बीमा राशि प्राप्त करने के मामले में बस्तर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। किसानों के साथ धोखाधड़ी की शिकायत मिलने के बाद जांच में जुटी बुरगुम थाना पुलिस ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मुन्ना लाल बघेल सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम जामगांव के किसानों के नाम पर कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर बजाज जनरल इंश्योरेंस कंपनी से बीमा राशि प्राप्त की गई। इस तरह आरोपियों ने किसानों और बीमा कंपनी, दोनों के साथ धोखाधड़ी की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, जिसमें अब तक तीन लोगों की संलिप्तता सामने आई है। जांच के आधार पर पुलिस ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मुन्ना लाल बघेल और अनिल सेठिया को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, तीसरे आरोपी गिरीश चंद सेठिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार तलाश कर रही है।
किसानों की शिकायत के बाद खुला मामला
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के नाम पर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। फिलहाल मामले में जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए कितनी बीमा राशि प्राप्त की गई और इस पूरे मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।

