अभिषेक शर्मा की तूफानी 84 रन की पारी, चक्रवर्ती और दुबे को मिले 2-2 विकेट
नागपुर (एजेंसी)। भारत ने टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को 48 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। नागपुर में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 84 रन बनाए। उनके अलावा रिंकू सिंह ने 44, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 और हार्दिक पंड्या ने 25 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी और काइल जैमिसन ने 2-2 विकेट लिए। 239 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 190 रन ही बना सकी। टीम की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने अर्धशतक जरूर लगाया, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी। मार्क चैपमैन ने 39 रन बनाए। भारत की गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने 2-2 विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पंड्या और अक्षर पटेल को 1-1 सफलता मिली। सीरीज का दूसरा टी-20 मुकाबला 23 जनवरी को रायपुर में खेला जाएगा।
नागपुर में बना बड़ा रिकॉर्ड
इस मैच में दोनों टीमों ने कुल मिलाकर 428 रन बनाए। इसके साथ ही एक नया रिकॉर्ड बन गया। दरअसल, 428 रन T20I क्रिकेट में न्यूजीलैंड बनाम भारत के बीच खेले गए मैचों में अब तक का सबसे ज्यादा टोटल स्कोर है। इससे पहले ये रिकॉर्ड 420 रन का था, जो 10 फरवरी 2019 को हैमिल्टन में बना था।

