सांभर में कीड़ा मिलने पर मुरली होटल पर कार्रवाई, दो दिन के लिए लाइसेंस निलंबित

      Date:

      • खाद्य सुरक्षा विभाग के निरीक्षण में मिलीं कई गंभीर खामियां, जांच के लिए लिया गया सांभर का नमूना, अस्वच्छता पर शारदा स्वीट्स का लाइसेंस भी पांच दिन के लिए निलंबित

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कटघोरा स्थित मुरली होटल के सांभर में कीड़ा मिलने का मामला सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। मीडिया में प्रसारित वीडियो के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास कुमार भगत ने होटल का निरीक्षण किया। इस दौरान सांभर का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई गंभीर खामियां भी पाई गईं।

          मुरली होटल

          निरीक्षण प्रतिवेदन के अनुसार होटल में मिठाई, नमकीन और अन्य खाद्य पदार्थ बनाने की प्रक्रिया बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में संचालित हो रही थी। खाद्य पदार्थों को बनाने और संभालने वाले कर्मचारियों का मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया था। फर्श और दीवारों पर तेल की चिकनाई जमी मिली। कर्मचारी हाथों को संक्रमणरहित किए बिना तथा एप्रन और दस्तानों का उपयोग किए बिना खाद्य पदार्थों का काम कर रहे थे। इसके अलावा बर्तन धोने के स्थान पर जूते बिखरे मिले और कूड़ेदान भी बिना ढक्कन के खुले पाए गए। इन कमियों को खाद्य कारोबार के लिए निर्धारित अनुज्ञप्ति की शर्तों का उल्लंघन माना गया।

          13 और 14 नवंबर तक बंद रहेगा होटल

          खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य कारोबार का अनुज्ञापन और रजिस्ट्रेशन) विनियम, 2011 की अनुसूची-4 के तहत मुरली होटल का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से 13 से 14 नवंबर 2026 तक दो दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया है। इस अवधि में होटल पूरी तरह बंद रहेगा। इसी तरह कटघोरा स्थित शारदा स्वीट्स में भी निरीक्षण के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने पर उसका खाद्य लाइसेंस पांच दिनों के लिए निलंबित किया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य प्रतिष्ठानों को स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related