25 हजार की रिश्वत लेते चौकी प्रभारी गिरफ्तार, एएसआई भी हिरासत में

      Date:

      • मर्ग जांच में मामला रफा-दफा करने के नाम पर मांगी थी रकम

          कोरिया/सरगुजा (AkhandBharatHNKP.Com)। एसीबी सरगुजा की टीम ने कोरिया जिले के पोड़ी चौकी प्रभारी अब्दुल मुनाफ को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान चौकी में पदस्थ एक एएसआई को भी हिरासत में लिया गया। दोनों आरोपियों को एसीबी कार्यालय अंबिकापुर लाया गया है।

          एसीबी सरगुजा

          एसीबी अधिकारियों के अनुसार मर्ग जांच में आपराधिक प्रकरण दर्ज न करने और मामला रफा-दफा करने का झांसा देकर एक ग्रामीण से रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने ट्रैप की कार्रवाई की। जानकारी के मुताबिक पोड़ी चौकी प्रभारी एएसआई अब्दुल मुनाफ ने ग्राम कदम बहरा निवासी सत्येंद्र प्रजापति को मर्ग मामले में फंसाने की धमकी दी और बचाने के नाम पर 50 हजार रुपये की मांग की। इसकी शिकायत सरगुजा एसीबी से की गई। प्रारंभिक सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर एसीबी ने जाल बिछाया।

          एसीबी के डीएसपी प्रमोद कुमार खेस ने बताया कि मंगलवार को टीम बचरा-पोड़ी पहुंची। शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 25 हजार रुपये देकर चौकी के भीतर भेजा गया। जैसे ही चौकी प्रभारी ने राशि ली और तय संकेत मिला, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें हिरासत में ले लिया। उनके पास से रिश्वत की रकम बरामद की गई। चौकी में पदस्थ एएसआई ध्रुव प्रसाद यादव को भी हिरासत में लिया गया।

          बच्चे की मौत की जांच के दौरान मांगी थी रकम

          एसीबी के अनुसार, सत्येंद्र प्रजापति द्वारा घर निर्माण के लिए मोहित घसिया से ईंट निर्माण कराया जा रहा था। ईंट निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में भरे पानी में डूबने से मोहित घसिया के बेटे की मौत हो गई थी। मामले की जांच बचरापोड़ी में पदस्थ एएसआई द्वारा की जा रही थी। आरोप है कि सत्येंद्र प्रजापति के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज न करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। शिकायत के आधार पर 21 फरवरी 2026 को एसीबी ने एफआईआर दर्ज की थी। तत्पश्चात ट्रैप कार्रवाई करते हुए एसआई अब्दुल मुनाफ और एएसआई गुरू प्रसाद यादव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              भू-अभिलेखों में हेराफेरी पर पटवारी निलंबित, कलेक्टर की कार्रवाई

              कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। राजस्व कार्यों में गंभीर लापरवाही और भू-अभिलेखों में...