Friday, February 27, 2026

प्रधानमंत्री मोदी स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल से सम्मानित, बोले- भारत आतंकवाद के खिलाफ इजराइल के साथ खड़ा है

Date:

तेल अवीव (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को दो दिवसीय इजराइल दौरे पर तेल अवीव पहुंचे। एयरपोर्ट पर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइली संसद (नेसेट)को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्हें संसद के सर्वोच्च सम्मान स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल से नवाजा गया। नेसेट को संबोधित करने वाले मोदी पहले भारतीय प्रधानमंत्री बन गए हैं। संसद पहुंचने पर सांसदों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया और मोदी-मोदी के नारे लगाए। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइल पर हमास के हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, हम आपके दर्द को समझते हैं। भारत लंबे समय से आतंकवाद का सामना करता रहा है। ऐसे समय में भारत इजराइल के साथ मजबूती से खड़ा है। वहीं प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा, मोदी मेरे भाई जैसे हैं, मेरे दिल में उनके लिए विशेष स्थान है। उन्होंने मोदी को एशिया का शेर और विश्व स्तर पर सम्मानित नेता बताया।

एयरपोर्ट पर निजी बातचीत

इससे पहले तेल अवीव एयरपोर्ट पर ही दोनों नेताओं के बीच निजी बातचीत हुई। बाद में प्रधानमंत्री मोदी होटल पहुंचे, जहां प्रवासी भारतीयों ने उनका भव्य स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय समुदाय ने अपनी खुशी व्यक्त की। प्रधानमंत्री मोदी का यह नौ वर्षों में दूसरा इजराइल दौरा है। इससे पहले वे जुलाई 2017 में तेल अवीव आए थे।

भारत की अर्थव्यवस्था पर जोर

नेसेट में अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री ने भारत की आर्थिक प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था रहा है और शीघ्र ही शीर्ष तीन वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। उन्होंने बताया कि भारत ने हाल के वर्षों में कई देशों के साथ महत्वपूर्ण व्यापार समझौते किए हैं और एक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर वार्ता जारी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इजराइल के संबंधों का दायरा और स्तर दोनों ही विस्तृत हुए हैं। दोनों देशों के बीच सहयोग पहले से अधिक व्यापक और मजबूत बना है तथा विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को और सुदृढ़ करने के लिए दोनों देश प्रतिबद्ध हैं।

Share post:

Popular

More like this
Related