बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। होली के दिन ड्यूटी के दौरान बिलासपुर में पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। बीच सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त करने और चालक को पकडऩे की कार्रवाई के दौरान कुछ युवकों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर उनके साथ मारपीट की। इस घटना में एक कॉन्स्टेबल घायल हो गया, जबकि दूसरे कॉन्स्टेबल की वर्दी फाड़ दी गई। थाना प्रभारी की कलाई में भी चोट आई है। बदमाशों ने महिला कॉन्स्टेबल के साथ भी धक्का-मुक्की की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस के अनुसार कार सवार युवकों ने अपने दोस्तों को मौके पर बुलाकर पुलिस टीम के साथ मारपीट की और सरकारी काम में बाधा डाली। इस मामले में 8 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक 4 मार्च को होली ड्यूटी के दौरान पेंडरवा निवासी जलेश्वर साहू शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे। इसी बीच उनकी बेटी ने सूचना दी कि कुछ लोग शराब के नशे में घर के पास गाली-गलौज कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अवनीश पासवान पेट्रोलिंग टीम के साथ ग्राम पेंडरवा के लिए रवाना हुए। रास्ते में ग्राम निपनिया पीपल चौक के पास एक स्विफ्ट डिजायर कार (सीजी 10 एन 2288) डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त मिली। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार को सड़क से हटवाया और चालक व वाहन को थाने ले जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान जावेद, अजिम, कार्तिक श्रीवास और पप्पू मौके पर पहुंचे और पुलिसकर्मियों से विवाद करने लगे।
दोस्तों को बुलाकर पुलिस टीम को घेरा
विवाद बढऩे पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों श्याम बंसल, राहुल बंसल और यश बंसल को भी बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोपियों की संख्या अधिक होने के कारण टीआई अवनीश पासवान उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन नशे में धुत युवकों ने उन्हें भी घेर लिया, जिससे उनकी कलाई में चोट आ गई।
कॉन्स्टेबल की वर्दी फाड़ी
हंगामे के दौरान आरोपियों ने कॉन्स्टेबल मौसम साहू की वर्दी फाड़ दी और महिला कॉन्स्टेबल चंदा यादव के साथ धक्का-मुक्की की। मारपीट में कॉन्स्टेबल संतोष मरकाम घायल हो गए। किसी तरह पुलिस टीम वहां से निकल पाई। थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि जावेद, अजिम, श्याम बंसल, राहुल बंसल, यश बंसल, कार्तिक श्रीवास और पप्पू सहित अन्य साथियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 121(1), 132, 191(2), 221, 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

