कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जिला महिला कांग्रेस कमेटी द्वारा टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल रहे। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को निर्णय लेने का साहस होना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि महिला दिवस स्त्री-पुरुष समानता और महिला अधिकारों को मजबूत करने की भावना को दर्शाता है।

जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने कहा कि आज की महिलाएं घर चलाने के साथ-साथ परिवार और समाज को भी सशक्त रूप से चला रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि महिलाएं अब राजनीति, व्यवसाय, शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, कानून, सुरक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों में आत्मविश्वास के साथ काम कर रही हैं। ग्रामीण अध्यक्ष प्रभा तंवर ने 8 मार्च के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन महिलाओं की सांस्कृतिक, राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक उपलब्धियों का सम्मान करने के लिए प्रतिवर्ष मनाया जाता है। कार्यक्रम के दौरान जिला महिला कांग्रेस कमेटी ने ब्लॉक, मंडल, वार्ड और बूथ कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों को पुष्प भेंटकर सम्मानित किया। पी सी सी सचिव विकास सिंह ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने कहा कि आज की महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम फहरा रही हैं।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष मनोज चौहान और पीसीसी सचिव विकास सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित थे। साथ ही कार्यक्रम में सीमा उपाध्याय, माधुरी ध्रुव, मीरा अग्रवाल, सीमा कुर्रे, शांता मंडावे, शशिलता पांडेय, लक्ष्मी मरकाम, मीरा सिंह, नीता जायसवाल, पुष्पा पात्रे, संगीता यादव, ईशा मानिकपुरी, मनीषा जायसवाल, किरण साहु, कृष्णा रजत, मानसी महंत, रीता वर्मा, शांति ठाकुर सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

