आईपीएल 2026 का शेड्यूल जारी, 28 मार्च को आरसीबी व हैदराबाद के बीच होगा ओपनिंग मैच

      Date:

      नई दिल्ली (एजेंसी)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरुआती 20 मुकाबलों का शेड्यूल बुधवार को जारी कर दिया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच 28 मार्च को खेला जाएगा, जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

          IPL 2026 schedule released 1

          गौरतलब है कि इसी स्टेडियम में पिछले वर्ष 4 जून को आरसीबी की पहली खिताबी जीत के बाद आयोजित विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। इस बार यहां होने वाले मैचों के लिए कर्नाटक सरकार की विशेषज्ञ समिति की मंजूरी आवश्यक होगी। समिति 13 मार्च 2026 को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम का निरीक्षण करेगी। आईपीएल 2026 के पहले चरण में 16 दिनों के भीतर कुल 20 मैच खेले जाएंगे, जिनमें चार डबल हेडर मुकाबले शामिल हैं। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस 29 मार्च को अपने घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ पहला मैच खेलेगी। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स 30 मार्च को गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली सीएसके टीम में इस बार संजू सैमसन भी खेलते नजर आएंगे, जो टी-20 विश्व कप 2026 में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। आईपीएल के दूसरे चरण का कार्यक्रम पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा के बाद जारी किया जाएगा। वर्ष 2008 में लीग की शुरुआत के बाद से जब भी देश में आम चुनाव या किसी राज्य में विधानसभा चुनाव हुए हैं, तब टूर्नामेंट का कार्यक्रम दो हिस्सों में जारी किया गया है।

          चुनाव के कारण 2 दिन टला उद्घाटन

          चुनावों के कारण आईपीएल 2026 के उद्घाटन मैच की तारीख में दो दिन की देरी की गई है। पहले लीग का आगाज 26 मार्च से होना था, जिसे अब 28 मार्च कर दिया गया है। जिन राज्यों में चुनाव प्रस्तावित हैं, वहां के चार प्रमुख स्टेडियम भी आईपीएल मैचों के लिए निर्धारित हैं। इनमें चेन्नई का एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक), कोलकाता का ईडन गार्डन्स और गुवाहाटी का बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम शामिल हैं, जो क्रमश: चेन्नई सुपर किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के घरेलू या द्वितीय घरेलू मैदान हैं।

          रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीता था पिछला खिताब

          पिछले सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहली बार आईपीएल खिताब अपने नाम किया था। टीम ने फाइनल में पंजाब किंग्स को छह रन से हराकर इतिहास रचा था। इसी कारण परंपरा के अनुसार टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच, क्वालिफायर-2 और फाइनल मुकाबला भी बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में ही आयोजित किए जाएंगे।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              मन की बात में छत्तीसगढ़ का निरंतर जिक्र गौरव की बात : मुख्यमंत्री

              प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ में काले हिरण संरक्षण प्रयासों...