घरेलू रसोई गैस की कमी नहीं, अवैध भंडारण व ब्लैक मार्केटिंग पर होगी सख्त कार्रवाई : कलेक्टर

      Date:

      • रसोई गैस-पेट्रोल की कमी की अफवाहों से बचें, प्रशासन की नागरिकों से अपील, एजेंसियों को रसोई गैस के पारदर्शी वितरण के दिए निर्देश

          कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्ष और अफवाहों के बीच जिले में रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नगर निगम सभाकक्ष में आयोजित गैस वितरक एजेंसियों की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में घरेलू एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि अवैध भंडारण, ब्लैक मार्केटिंग या अधिक मूल्य पर बिक्री जैसी किसी भी अनियमित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

          कलेक्टर कुणाल दुदावत

          बैठक में कलेक्टर दुदावत ने कहा कि विभिन्न माध्यमों से रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की संभावित कमी को लेकर भ्रामक और अपुष्ट जानकारी प्रसारित की जा रही है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि जिले में एलपीजी गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहेगी। कलेक्टर ने सभी गैस एजेंसियों को फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व के आधार पर डिलीवरी देने और ओटीपी ऑथेंटिकेशन के माध्यम से ही सिलेंडर जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही, 25 दिनों के भीतर सिलेंडर का दोबारा वितरण नहीं किया जाएगा। सभी एजेंसियों को प्रतिदिन अपने स्टॉक की जानकारी खाद्य शाखा को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। बैठक में अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, जिला खाद्य अधिकारी जी एस कंवर, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत गैस एजेंसी के अधिकारी उपस्थित थे।

          अफवाहों पर न करें विश्वास

          आपातकालीन परिस्थिति में तुरंत खाद्य अधिकारी को सूचित करने, स्कूल, आश्रम, छात्रावास और अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने और व्यवसायिक दुरुपयोग की जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें, अनावश्यक संग्रहण न करें और किसी भी जानकारी की पुष्टि केवल अधिकृत सरकारी स्रोतों से ही करें।

          कलेक्टर ने ली समय-सीमा की बैठक, राशन वितरण और धान उठाव में तेजी लाने के दिए निर्देश

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related