ईवी चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक कार में लगी आग, तीन मंजिला मकान आया चपेट में, आठ लोगों की मौत

      Date:

      इंदौर (एजेंसी)। इंदौर में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया, जब चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से इलेक्ट्रिक कार में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पास के तीन मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में रबर कारोबारी मनोज पुगलिया, उनकी बहू सिमरन समेत कुल 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य लोग घायल हो गए।

          इंदौर

          जानकारी के अनुसार घटना बंगाली चौराहे के पास ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में सुबह करीब 3.30 से 4 बजे के बीच हुई। पुलिस के मुताबिक कार में लगी आग तेजी से फैलते हुए मकान के अंदर पहुंच गई और वहां रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद एक के बाद एक सिलेंडर फटने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके इतने तेज थे कि मकान का एक हिस्सा भी ढह गया। बताया जा रहा है कि आग लगने के दौरान बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। इससे घर में लगे डिजिटल लॉक नहीं खुल सके और अंदर सो रहे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। हादसे में जान गंवाने वालों में छह लोग कारोबारी परिवार के रिश्तेदार थे, जो मंगलवार को ही बिहार के किशनगंज से कैंसर का इलाज कराने इंदौर पहुंचे थे।

          परिजनों के अनुसार किशनगंज निवासी विजय सेठिया कॉस्मेटिक कारोबार से जुड़े थे और उन्हें जबड़े का कैंसर था। ऑपरेशन कराने के लिए वे अपने परिवार के साथ इंदौर में बेटी-दामाद के घर आए थे। पड़ोसी दुकानदार सौरभ ने बताया कि इस हादसे में विजय सेठिया, उनकी पत्नी, बेटा, बहन और बहनोई की भी मौत हो गई।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related