कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा ने जनता की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए महापौर की पाती योजना के तहत पिछले चार दिनों में प्राप्त 31 आवेदनों में से 29 का तत्काल निराकरण कर दिया है। शेष 2 आवेदन जिनका तुरंत समाधान संभव नहीं था उन पर कार्रवाई जारी है।
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में यह पहल नगर विकास, नागरिक सुविधाओं की बेहतरी और शहर के सौंदर्यीकरण की दिशा में उठाए गए कदमों की अगली कड़ी मानी जा रही है। योजना के तहत पानी, बिजली और साफ-सफाई से जुड़ी शिकायतों का समाधान 24 घंटे के भीतर संबंधित प्रभारी अधिकारी द्वारा कराया जा रहा है। विगत 16 मार्च से 19 मार्च तक कुल 31 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें साफ-सफाई से संबंधित 7 आवेदन, पेयजल से 12 आवेदन और स्ट्रीट लाईट/विद्युत से 12 आवेदन थे। इसमें स्ट्रीट लाईट से जुड़े 2 आवेदन लंबित हैं, जबकि बाकी सभी समस्याओं का समाधान कर दिया गया।
24 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित
नगर पालिक निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत में लाल, हरा और नीला लेटर बॉक्स स्थापित किए गए हैं। लाल बॉक्स में स्ट्रीट लाईट, हरे में साफ-सफाई और नीले में पेयजल से संबंधित शिकायतें डाली जाती हैं। प्राप्त पत्रों को तुरंत कंप्यूटर में दर्ज कर संबंधित प्रभारी अधिकारी के व्हाट्सऐप पर भेजा जाता है। अधिकारी समस्या का तुरंत संज्ञान लेकर 24 घंटे के भीतर समाधान सुनिश्चित करते हैं। यह पहल नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निवारण और प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में नगर निगम की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

