कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा नगर पालिक निगम क्षेत्र के बुधवारी बाईपास रोड स्थित अंजनीकुंज में नवनिर्मित डोम का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत ने की।

कोरबा नगर पालिक निगम द्वारा वार्ड क्र. 28 के अंजनीकुंज श्रीवास नाई समाज भवन परिसर में 30 लाख रुपए की लागत से डोम शेड का निर्माण कराया गया है, जिसे आज जनसेवा के लिए समर्पित किया गया। इस मौके पर मंत्री देवांगन ने कोरबा के विकास और समाज के सभी वर्गों, विशेषकर श्रीवास नाई समाज के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है और प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है। इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने समिति द्वारा निर्मित कार्यालय भवन और व्यवसायिक परिसर का भी लोकार्पण किया। वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित कई गणमान्य नागरिक और समिति पदाधिकारी मौजूद थे।
नगर विकास और जनसुविधाओं पर जोर
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम कोरबा जनसुविधाओं और सामाजिक कार्यक्रमों के विकास पर विशेष ध्यान दे रहा है। डोम का निर्माण होने से समाज के कार्यक्रमों और आयोजनों के लिए एक सुविधा पूर्ण स्थल उपलब्ध हो गया है।
समाज का आशीर्वाद और स्वागत
वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन ने श्रीवास समाज का आभार जताया और कहा कि समाज के सभी हितों के लिए निरंतर कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। समाज के लोगों ने मंत्री और महापौर का शाल, श्रीफल और महामाला पहनाकर अभिनंदन किया।

