बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में अपने मामले की जानकारी लेने थाने पहुंचे एक फरियादी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि रतनपुर थाने में पदस्थ एएसआई दिनेश तिवारी ने युवक के साथ अभद्रता करते हुए थप्पड़ मार दिए और जेल भेजने की धमकी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार रतनपुर के बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने पुराने परिवाद की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे। दोपहर करीब 2.30 बजे उनकी मुलाकात एएसआई दिनेश तिवारी से हुई। विनोद ने अपने केस की स्थिति पूछते हुए जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने का आग्रह किया। इसी बात पर एएसआई नाराज हो गया। पीडि़त विनोद जायसवाल का आरोप है कि एएसआई ने गाली-गलौज करते हुए उसे 15 से 20 थप्पड़ मार दिए। मारपीट के दौरान कहा कि बहुत बड़ा नेता बनता है, तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा, तुझे जेल भिजवा दूंगा। घटना के समय थाने में अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। पीडि़त ने बताया कि मारपीट के बाद उसका कान सुन्न पड़ गया है तथा सुनने में परेशानी और सिरदर्द की शिकायत हो रही है। मामले में जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के एवज में पैसे मांगने के आरोप भी लगाए गए हैं।
एएसआई के खिलाफ दर्ज कराया केस
घटना की जानकारी थाना प्रभारी एवं प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन को मिलने पर उन्होंने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद पीडि़त ने भी एसएसपी से शिकायत की। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने एएसआई दिनेश तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर जांच के आदेश दिए। वहीं पीडि़त की शिकायत पर रतनपुर थाने में आरोपी एएसआई के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री का करीबी है पीडि़त
बताया जा रहा है कि विनोद जायसवाल पहले कोयला कारोबार से जुड़ा रहा है और स्थानीय राजनीतिक हलकों में उसकी पहचान है। वह खुद को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का रिश्तेदार भी बताता है।

