उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया भूमिपूजन, सुभाष ब्लाक सतनामी समाज व किन्नर समाज को मिलेंगे भवन
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। शहरवासियों को ट्रैफिक सिग्नल पर लाल बत्ती के दौरान अब तेज धूप और बारिश में परेशान नहीं होना पड़ेगा। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा प्रमुख चौक-चौराहों पर प्रतीक्षा शेड बनाए जाएंगे, ताकि वाहन चालक और आम नागरिक सुरक्षित व आरामदायक तरीके से इंतजार कर सकें। प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने सीएसईबी चौक में 32 लाख 30 हजार रुपए की लागत से बनने वाले दो प्रतीक्षा शेड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

नगर निगम द्वारा शहर के व्यस्त ट्रैफिक सिग्नल वाले चौक-चौराहों में सड़क के ऊपर प्रतीक्षा शेड बनाने की योजना तैयार की गई है। पहले चरण में सीएसईबी चौक में दो शेड बनाए जाएंगे। इसके बाद अन्य प्रमुख चौक-चौराहों में भी इसी प्रकार के शेड स्थापित किए जाएंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि यह योजना आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखकर बनाई गई है। अब लोगों को सिग्नल पर रुकने के दौरान तेज धूप या बारिश में खड़े होने की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की यह पहल सराहनीय है और उनकी संवेदनशील सोच को दर्शाती है।

भूमिपूजन कार्यक्रमों के दौरान सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पार्षद नरेन्द्र देवांगन, लक्ष्मण श्रीवास, मुकुंद सिंह कंवर, धनकुमारी गर्ग, ममता यादव, सिमरनजीत कौर, नारायण लाल कुर्रे, प्रभा टीकम राठौर, रूबी देवी सागर, मण्डल अध्यक्ष राजेश राठौर एवं योगेश मिश्रा, सुशील गर्ग, शैलेन्द्र सिंह पप्पी, प्रफुल्ल तिवारी, नरेन्द्र पाटनवार, गुलजार सिंह, आर.पी.खाण्डे, आर.डी.भारद्वाज, मालती देवी किन्नर, दूजराम मिलन, विमला निराला, लक्ष्मीन खाण्डे, द्रौपदी मिरी, धनबाई, विमला कुर्रे, अनिता बंजारे, सुफल महिलांगे, संतोष टण्डन, छतराम खुंटे, संतोष सुमन, सुरेन्द्र राजवाडे़, आशीष द्विवेदी, हेमंत देवांगन, विजय गुप्ता, मनोज सिंह, दिनेश कुमार, दीपक यादव, फुलगिरी गोस्वामी, गुलशन सोनी, गणेश भवसागर, गिरधारी रजक, लक्ष्मी महाराज आदि के साथ काफी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।
शहर की सड़कों का भी होगा कायाकल्प
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि शहर की सभी प्रमुख सड़कों के डामरीकरण और नवीनीकरण के लिए शासन से राशि स्वीकृत हो चुकी है। निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और कुछ सड़कों का भूमिपूजन भी किया जा चुका है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण डामर की उपलब्धता प्रभावित हुई है, जिससे कार्यों में देरी हो रही है। जैसे ही डामर उपलब्ध होगा, शहर की सड़कों का तेजी से कायाकल्प किया जाएगा। महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने बताया कि सीएसईबी चौक में आम नागरिकों की सुविधा के लिए सर्वसुविधायुक्त शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही पुराने जर्जर प्रतीक्षालय की जगह आधुनिक और वातानुकूलित प्रतीक्षालय भी बनाया जाएगा।
सतनामी समाज और किन्नर समाज को भी भवन
इस अवसर पर मंत्री देवांगन और महापौर श्रीमती राजपूत ने सुभाष ब्लॉक जैतखंभ के पास सतनामी समाज के लिए 15 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन तथा हेलीपेड के पास किन्नर समाज के लिए 10 लाख रुपए की लागत से भवन निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा में अब तक 52 समाजों के लिए उनके स्वयं के भवन बनाए जा चुके हैं और लगभग सभी समाजों को उनकी सुविधानुसार भवन उपलब्ध कराए गए हैं।

