धमतरी (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक पुलिस अधिकारी द्वारा बीच बाजार में व्यापारी को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि बोराई थाना क्षेत्र में नाके पर गाड़ी नहीं रोकने को लेकर यह विवाद हुआ।
वायरल वीडियो में थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह एक व्यापारी को सरेआम थप्पड़ मारते और गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, वे व्यापारी को थाने ले जाकर मारने की धमकी भी देते सुनाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो सामने आने के बाद भी टीआई इस बात से इनकार कर रहे हैं कि उन्होंने किसी को थप्पड़ मारा। पीड़ित व्यापारी शब्बीर मेमन के अनुसार, वह हर शुक्रवार की तरह साप्ताहिक बाजार में मुर्गा खरीदने-बेचने जा रहा था। बोराई नाके पर चेकिंग के दौरान वह गाड़ी नहीं रोक पाया, क्योंकि उसे बाजार पहुंचने की जल्दी थी। इसी बात पर टीआई ने उसे बाजार में रोककर पहले बहस की और फिर थप्पड़ मार दिया। व्यापारी ने यह भी आरोप लगाया है कि नाके पर एंट्री फीस के नाम पर वाहनों को रोका जाता है। घटना के दौरान टीआई और व्यापारी के बीच काफी देर तक बहस होती रही और मौके पर मौजूद लोगों ने भी इस पर आपत्ति जताई।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। एडिशनल एएसपी शैलेंद्र पांडे के मुताबिक, ओडिशा की ओर से आ रही एक पिकअप को नाके पर रोका जा रहा था, लेकिन वाहन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी, जिसके बाद विवाद हुआ। उन्होंने बताया कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नियमित चेकिंग की जाती है। हालांकि, अब तक व्यापारी की ओर से थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

