40 सदस्यीय दल के साथ एजुकेशनल टूर पर गए थे अजय सुंदर निहलानी, परिवार ने एंबेसी व पीएमओ से सहयोग मांगा
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर के कारोबारी अजय सुंदर निहलानी (49) की पुर्तगाल की राजधानी लिस्बन में हार्ट अटैक से मौत हो गई। वे भारत से गए 40 सदस्यीय दल के साथ यूरोप के एजुकेशनल टूर पर थे। घटना के बाद परिवार एवं परिचितों में शोक का माहौल है। दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर रायपुर लाए जाने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार यात्रा के दौरान अजय निहलानी की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दल में रायपुर से दो लोग शामिल थे और उनके साथ यात्रा कर रहे नीरज बाजपेयी पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। अजय निहलानी के भाई संजय कुमार निहलानी ने बताया कि परिवार ने भारतीय दूतावास, स्थानीय प्रशासन तथा अन्य संबंधित एजेंसियों से सहयोग की अपील की है, ताकि आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर पार्थिव शरीर को रायपुर लाया जा सके। बताया जा रहा है कि सामाजिक संगठन से जुड़े लोगों ने भी इस मामले में सहायता की मांग उठाई है। सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष ललित जैसिंघ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री कार्यालय एवं संबंधित अधिकारियों को टैग कर पार्थिव शरीर को भारत लाने में सहयोग का अनुरोध किया है।

