जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा- भारत ने उकसावे का जवाब देने का नया मानदंड स्थापित किया
नई दिल्ली (एजेंसी)। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है और फिलहाल केवल संघर्ष विराम जैसी स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो भारतीय सशस्त्र बल ऑपरेशन सिंदूर 2.0 के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
शनिवार को पुणे के खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की 150वीं पासिंग आउट परेड में शामिल हुए सेना प्रमुख ने कहा कि इस अभियान ने यह मानदंड स्थापित किया है कि भारत किसी भी उकसावे का किस प्रकार जवाब देता है। उन्होंने नवप्रशिक्षित कैडेट्स से अपने सैन्य जीवन की शुरुआत से ही इस मानक को बनाए रखने का आह्वान किया। रिव्यूइंग ऑफिसर के रूप में जनरल द्विवेदी ने 355 कैडेट अधिकारियों की परेड की सलामी ली। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने मार्च पास्ट किया, जबकि फ्लाईपास्ट में एसयू-30 एमकेआई लड़ाकू विमान, चेतक हेलिकॉप्टर, सारंग हेलिकॉप्टर एरोबेटिक्स टीम तथा आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने अपनी प्रस्तुति दी। जनरल द्विवेदी स्वयं राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व कैडेट रह चुके हैं। जानकारी के अनुसार वे एनडीए के 65वें कोर्स का हिस्सा थे और ‘चार्ली स्क्वाड्रन’ से जुड़े रहे हैं।

