21 जून को फिर होगी नीट-यूजी परीक्षा, छत्तीसगढ़ में 127 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

      Date:

      • एयरफोर्स के जरिए पहुंचेंगे प्रश्नपत्र, 20 जून को होगी मॉक ड्रिल; छात्रों के लिए काउंसिलिंग के निर्देश

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के पुनः आयोजन को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रदेश के 19 शहरों में कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रश्नपत्र एवं ओएमआर शीट एयरफोर्स के माध्यम से जिलों तक पहुंचाई जाएंगी।

          इस संबंध में मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक के दौरान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि राज्य के 19 शहरों में 127 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों और तकनीकी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिला प्रशासन को परीक्षा पूर्व केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की व्यक्तिगत समीक्षा करने को कहा गया है।

          अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश

          मुख्य सचिव ने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाएगा। इसे देखते हुए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं ताकि योग दिवस के कार्यक्रमों का परीक्षा संचालन पर कोई प्रभाव न पड़े। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को बाधारहित रखने और सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है। विद्यार्थियों के तनाव को कम करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों की संयुक्त टीमों द्वारा काउंसिलिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि छात्रों को सकारात्मक एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे बिना किसी दबाव के परीक्षा में शामिल हो सकें। तैयारियों की अंतिम समीक्षा के लिए 20 जून को राज्यभर में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। वहीं प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित कर परीक्षा दिवस पर सतत निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related